रायपुर, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में करीब 140 करोड़ रुपये के कस्टम मिलिंग घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से ED को पूछताछ के लिए 13 अक्टूबर तक की रिमांड मिली है।
जानकारी के मुताबिक, ED इस मामले में वर्ष 2024 में ही आरोप-पत्र दाखिल कर चुकी है, लेकिन रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ नहीं हो पाई थी। गिरफ्तारी से पहले एजेंसी ने रायपुर जेल में उनसे तीन दिन तक पूछताछ की। इसके बाद आगे की जांच के लिए उन्हें हिरासत में लिया गया।
धान मिलिंग की प्रोत्साहन राशि से जुड़ा मामला
यह मामला खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 का है। उस दौरान कस्टम मिलिंग की प्रोत्साहन राशि 40 रुपये से बढ़ाकर 120 रुपये प्रति क्विंटल की गई थी। जांच एजेंसी के आरोपों के अनुसार, इसके बदले मिल मालिकों से दो किस्तों में 20-20 रुपये प्रति क्विंटल की रकम वसूली गई।
ED का आरोप है कि इस घोटाले से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल पार्टी फंड के लिए किया गया। मामले में जांच जारी है और आरोपों पर अंतिम फैसला होना बाकी है।
शराब घोटाले में भी आरोपित
रामगोपाल अग्रवाल शराब घोटाले से जुड़े मामले में भी आरोपित हैं। इस मामले में भी शुक्रवार को जांच एजेंसी ने आरोप-पत्र पेश किया। इसकी अगली सुनवाई 20 नवंबर को निर्धारित की गई है।

