Site icon AB News24.in

छत्तीसगढ़ में ₹350 करोड़ का निवेश प्रस्ताव… एग्रो-फूड प्रोसेसिंग हब होगा स्थापित

रायपुर, 07 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ ने कौशल विकास और निवेश के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ एमओयू किया गया। वहीं एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में ₹350 करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इसके साथ ही सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले एफडीआई निवेश प्रस्तावों की कुल राशि बढ़कर ₹43,600 करोड़ हो गई है।

मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात कर दोनों पक्षों के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इसके अलावा 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ भी निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

ITE Education Services के साथ हुआ एमओयू

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services, Singapore के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण को लेकर समझौता हुआ। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का दौरा कर उसके उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल को भी समझा।

सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। इसी मॉडल का लाभ छत्तीसगढ़ में भी लेने की तैयारी है। इससे उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। छत्तीसगढ़ में भी युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक आधुनिक प्रशिक्षण देने और उन्हें प्रदेश में ही बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

एग्रो और फूड प्रोसेसिंग में ₹350 करोड़ का निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। कंपनी ने प्रदेश में करीब ₹350 करोड़ के निवेश से इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने में रुचि दिखाई है।

इस हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे किसानों की उपज का प्रदेश में ही मूल्य संवर्धन होगा, नए बाजार उपलब्ध होंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

15 से अधिक वैश्विक कंपनियों से निवेश पर चर्चा

सीईओ राउंडटेबल में मुख्यमंत्री साय ने TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua समेत 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

छत्तीसगढ़ ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में भी भाग लिया। मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा के दौरान निवेश के साथ-साथ कौशल विकास, तकनीक और वैश्विक साझेदारी के नए अवसरों पर काम हुआ। प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर को रायपुर लौटेगा।

Exit mobile version