जयपुर, 09 जुलाई। Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 23 वर्षीय युवती ने सरकारी नौकरी और संपत्ति पाने के लालच में अपनी ही मां की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बेटी समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को प्रताप नगर इलाके में सड़क पार कर रहीं नीरज शर्मा की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन मृतका के भाई द्वारा हत्या की आशंका जताने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक संदिग्ध स्कॉर्पियो बार-बार इलाके में घूमती दिखाई दी। वाहन मिलने के बाद उस पर दुर्घटना के निशान मिले और पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया।
बेटी निकली हत्या की मास्टरमाइंड
पुलिस के मुताबिक, मृतका की बेटी आयुषी शर्मा इस पूरी साजिश की मुख्य आरोपी है। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। आयुषी चाहती थी कि उसे मृतक आश्रित कोटे से सरकारी नौकरी मिले, लेकिन उसकी मां खुद यह नौकरी लेना चाहती थीं। इसी बात से नाराज होकर उसने मां की हत्या की योजना बनाई। पुलिस का कहना है कि उसका मकसद मां की संपत्ति पर कब्जा करना भी था।
ताऊ और अन्य रिश्तेदार भी शामिल
जांच में सामने आया कि आयुषी ने अपने ताऊ, चचेरे भाई और अन्य लोगों के साथ मिलकर करीब 7 लाख रुपये में हत्या की साजिश रची। पहले भी हत्या की कोशिश की गई थी, लेकिन वह नाकाम रही। इसके बाद कई दिनों तक नीरज शर्मा की रेकी की गई और 4 जुलाई को स्कॉर्पियो से कुचलकर उनकी हत्या कर दी गई, ताकि मामला सड़क हादसा लगे।
7 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने इस मामले में आयुषी शर्मा सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य साजिश में शामिल एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

