रायपुर, 11 जुलाई| Poet Conference: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में आज शनिवार को भव्य राष्ट्रकाव्य महोत्सव ‘मिट्टी के बेटे’ का आयोजन किया जाएगा। दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में रात 8:30 बजे से शुरू होने वाले इस कवि सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में देश और प्रदेश के कई प्रसिद्ध कवि अपनी ओजपूर्ण रचनाओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और मातृभूमि के गौरव का संदेश देंगे।
कार्यक्रम में देश के चर्चित कवि शशिकांत यादव, राम भदावर और अमित शर्मा वीर रस एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कविताओं का पाठ करेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कवि देवेन्द्र परिहार, मयंक शर्मा, संस्कार साहू और हीरामणि वैष्णव भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को संबोधित करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, ‘मिट्टी के बेटे’ राष्ट्रकाव्य महोत्सव का उद्देश्य युवाओं और समाज में राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति तथा सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों, युवाओं और आम नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजकों ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर राष्ट्रकाव्य महोत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।


