रायपुर, 31 अक्टूबर। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। राजधानी रायपुर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में विभाग की टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए नमूने भी एकत्र किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मैग्नेटो मॉल स्थित KFC का निरीक्षण किया। यहां से राइस बॉल का विधिक नमूना जांच के लिए लिया गया है।
विभाग के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल ने मिलावटी और अमानक खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर कार्रवाई करना है।

