झालावाड़, 09 जुलाई। Baby Birth News: राजस्थान के झालावाड़ में एक अनोखा मामला सामने आया है। एसआरजी अस्पताल एवं झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के राजकीय जनाना अस्पताल में ज्योति कश्यप ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।
बुधवार शाम हुए प्रसव के बाद मां की हालत सामान्य है। वहीं, चारों नवजातों का वजन कम होने के कारण उन्हें एनआईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम बच्चों की लगातार निगरानी कर रही है।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि एक साथ चार बच्चों का जन्म होना बेहद दुर्लभ होता है। ऐसा मामला करीब 24 हजार प्रसव में एक बार देखने को मिलता है। उन्होंने बताया कि झालावाड़ जनाना अस्पताल में उनके कार्यकाल का यह पहला मामला है।
बच्चों के पिता अरुण कश्यप ने खुशी जताते हुए कहा, मैंने तो एक बेटी की उम्मीद की थी, लेकिन भगवान ने तीन बेटियां और एक बेटा दे दिया। जो मिला है, उसकी बहुत खुशी है।
चार बच्चों के जन्म की खबर के बाद परिवार और आसपास के लोगों में खुशी का माहौल है। डॉक्टरों के अनुसार मां और चारों बच्चे फिलहाल निगरानी में हैं।

