रायपुर, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर कोपल वाणी के श्रवण बाधित दिव्यांग बच्चों और मिनी मार्वेल्स स्कूल के नन्हे बच्चों ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका को अपने हाथों से बनाई राखियां बांधीं। बच्चों ने राज्यपाल की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। इसके बाद बच्चों ने राज्यपाल को मिठाई खिलाई और उन्हें अपनी बनाई राखियों की विशेषता के बारे में बताया।
बच्चों के हाथों से तैयार राखियां जब राज्यपाल की कलाई पर सजीं तो लोक भवन का वातावरण आत्मीयता और स्नेह से भर गया। राज्यपाल रमेन डेका ने बच्चों के प्रेम और स्नेह को सहर्ष स्वीकार करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया और उपहार भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया।
दिव्यांग बच्चों के लिए यह मुलाकात खास रही। अपने हाथों से राखियां तैयार कर राज्यपाल को बांधने का अवसर उनके लिए सम्मान, आत्मविश्वास और गौरव का अनुभव रहा। बच्चों की रचनात्मकता और हुनर ने यह संदेश भी दिया कि दिव्यांग बच्चे भी अपनी प्रतिभा और कौशल के जरिए समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर बच्चों की रचनात्मकता, कौशल और आत्मनिर्भरता की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए समान अवसर और निरंतर प्रोत्साहन जरूरी है।
राज्यपाल रमेन डेका ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, स्नेह और पारस्परिक विश्वास का पर्व है। बच्चों का यह स्नेह मन को छू लेने वाला है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और समाज से दिव्यांग बच्चों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।


