रायपुर, 11 जुलाई। Raipur News: राजधानी में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम जोन-2 की टीम ने पंडरी कपड़ा बाजार स्थित प्रकाश होलसेल मार्केट में नाले पर बने अवैध पाटे को जेसीबी की मदद से हटा दिया।
नगर निगम के अनुसार, प्रकाश साड़ी के प्रोपराइटर मदन लोढ़ा द्वारा दुकान के सामने नाले पर करीब 100 वर्गफीट क्षेत्र में अवैध रूप से पाटा बनाकर कब्जा किया गया था। इससे नाले की सफाई प्रभावित हो रही थी और बारिश के दौरान दुर्गानगर बस्ती में जलभराव की समस्या बनी रहती थी।
जल निकासी होगी बेहतर
नगर निगम ने बताया कि अवैध निर्माण हटने के बाद नाले की सफाई आसानी से हो सकेगी। इससे बारिश के समय पानी की निकासी बेहतर होगी और दुर्गानगर क्षेत्र के लोगों को जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता पी. डी. धृतलहरे, उप अभियंता अंजलि बारले, जोन स्वास्थ्य अधिकारी रवि लावनिया सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम ने कहा है कि सार्वजनिक हित और जनस्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

