रायपुर, 16 अक्टूबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नक्सलवाद से प्रभावित लोगों का पुनर्वास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के कारण पीड़ित परिवारों को मिले घावों पर मरहम लगाना और उन्हें सम्मानजनक जीवन देना सरकार की जिम्मेदारी है।
अमित शाह ने कहा कि पिछले पांच दशकों में नक्सलवाद ने बस्तर के गरीब और आदिवासी परिवारों को गहरी पीड़ा पहुंचाई है। इस हिंसा का असर उन परिवारों के जीवन पर लंबे समय तक रहा है। ऐसे में प्रभावित लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना और उनके जीवन को बेहतर बनाना जरूरी है।
गृह मंत्री ने बस्तर से नक्सलवाद की हर निशानी मिटाकर क्षेत्र को खुशहाल और समृद्ध बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद पीड़ितों के पुनर्वास और उन्हें बेहतर भविष्य देने के प्रयासों में केंद्र सरकार, छत्तीसगढ़ सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने जोर दिया कि नक्सलवाद से प्रभावित परिवारों को सहायता, सम्मान और बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे नई शुरुआत कर सकें।

