रायपुर, 30 अगस्त। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। अगले 5 दिनों तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
बारिश के बीच कोरबा में तेज बहाव का असर देखने को मिला। शहर का दादर नाला उफान पर आ गया। शनिवार सुबह नाला पार करने के दौरान एक स्कॉर्पियो तेज बहाव में डूब गई। वाहन में सवार तीन दोस्तों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। करीब आधे घंटे बाद स्कॉर्पियो को भी बाहर निकाल लिया गया।
वहीं कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर सड़क पर आ गया। इससे मार्ग मिट्टी और कीचड़ से पूरी तरह भर गया। इस दौरान एक कार और यात्री बस मलबे में फंस गई। कार लगभग पूरी तरह मिट्टी में दब गई, जबकि बस के पहिए फंस गए। राहत की बात रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मैनपाट में नदी के तेज बहाव में बहा युवक
सरगुजा के मैनपाट घूमने आए एक युवक-युवती बाइक समेत घुनघुट्टा नदी के तेज बहाव में बह गए। दोनों की आवाज सुनकर एक व्यक्ति रस्सी लेकर मौके पर पहुंचा। उसने करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी युवती को रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि युवक तेज बहाव में बह गया और डूब गया। उसकी तलाश जारी है।
बंगाल-ओडिशा तट के पास लो प्रेशर एरिया सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके अगले 48 घंटे में और मजबूत होने तथा पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने की संभावना है।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
अगले पांच दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।

