Site icon AB News24.in

छत्तीसगढ़ में सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियों पर लगी रोक

रायपुर,23 नवम्बर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा के शीतकालीन सत्र को देखते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। विभाग के निर्देशानुसार 17 से 21 दिसंबर तक सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अवकाश नहीं ले सकेगा। इसके साथ ही बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

 

प्रदेश की छठवीं विधानसभा का ग्यारहवां सत्र 14 दिसंबर से शुरू होकर 17 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान सदन की चार बैठकें प्रस्तावित हैं। विधानसभा सत्र के दौरान पूछे जाने वाले सवालों और अन्य महत्वपूर्ण विषयों के जवाब समय पर तैयार करने के उद्देश्य से विभाग ने यह व्यवस्था लागू की है।

 

जारी निर्देश के अनुसार, अवकाश के दिनों में भी कार्यालयों में जरूरी कामकाज जारी रहेगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि फोन कॉल और आवश्यक पत्राचार का समय पर जवाब दिया जा सके।

 

विभाग ने स्पष्ट किया है कि विधानसभा के प्रश्न, ध्यानाकर्षण सूचना, स्थगन प्रस्ताव और शून्यकाल से जुड़े मामलों के जवाब निर्धारित समय-सीमा में शासन को भेजना अनिवार्य होगा।

 

इसके अलावा नगरीय निकायों को नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों के नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर संचालनालय को उपलब्ध कराने होंगे, ताकि विधानसभा से जुड़े कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।

 

NeVA एप्लीकेशन से डिजिटल होगी विधानसभा की कार्यवाही

 

विधानसभा की कार्यवाही को डिजिटल बनाने की दिशा में भी तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत 3 और 4 नवंबर को NeVA एप्लीकेशन के संचालन को लेकर प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। इसमें प्रश्न, समिति और एडमिन मॉड्यूल के उपयोग की जानकारी अधिकारियों को दी गई।

 

विभाग का पूरा जोर विधानसभा सत्र के दौरान अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और सभी विभागीय जवाब निर्धारित समय पर भेजने पर है।

Exit mobile version