Site icon AB News24.in

‘छात्रों की गूंज’ को लेकर कांग्रेस की तैयारी तेज…

रायपुर, 4 अक्टूबर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा जल्द हो सकता है। प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। उनके रायपुर या बिलासपुर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

प्रदेश कांग्रेस के नए प्रभारी सुखदेव भगत ने एनएसयूआई को कार्यक्रम की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय के मुताबिक, सुखदेव भगत ने छात्रों को कार्यक्रम से जोड़ने और उनका रजिस्ट्रेशन शुरू कराने को कहा है।

बताया जा रहा है कि यदि तैयारियां तय समय पर पूरी हो जाती हैं, तो राहुल गांधी खुद छत्तीसगढ़ पहुंचकर छात्रों से संवाद कर सकते हैं। कार्यक्रम के जरिए छात्रों से उनकी समस्याओं और मुद्दों पर चर्चा किए जाने की तैयारी है।

हालांकि, राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अंतिम तारीख अभी तय नहीं हुई है। कार्यक्रम रायपुर या बिलासपुर में से किस शहर में होगा, इस पर भी अंतिम निर्णय होना बाकी है।

Exit mobile version