Site icon AB News24.in

CG News: तीजन बाई के निधन पर राजकीय शोक नहीं… कांग्रेस ने उठाए सवाल

The Congress party has questioned the BJP government for not declaring a state mourning for the death of Padma Vibhushan awardee Dr. Teejan Bai, a

Teejan Bai

रायपुर, 09 जुलाई। CG News: पद्म विभूषण से सम्मानित प्रसिद्ध पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई के निधन पर राजकीय शोक घोषित नहीं किए जाने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि तीजन बाई छत्तीसगढ़ की पहचान, संस्कृति और लोककला की महान हस्ती थीं। उनके निधन पर राजकीय शोक घोषित किया जाना चाहिए था।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि तीजन बाई उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल थीं, जिन्हें पद्मश्री, पद्मभूषण और पद्म विभूषण जैसे देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने जीवनभर छत्तीसगढ़ की लोककला पंडवानी को देश और दुनिया में नई पहचान दिलाई।

उन्होंने कहा कि तीजन बाई केवल एक कलाकार नहीं थीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की राजदूत थीं। उन्होंने पंडवानी के माध्यम से महाभारत की कथाओं को छत्तीसगढ़ी भाषा और शैली में जन-जन तक पहुंचाया और इस लोक विधा को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार ने ऐसी महान विभूति के सम्मान में राजकीय शोक घोषित नहीं कर संवेदनहीनता दिखाई है। पार्टी का कहना है कि तीजन बाई के योगदान को देखते हुए सरकार को उनके सम्मान में राजकीय शोक घोषित करना चाहिए था।

5 जुलाई को हुआ था निधन

पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई का निधन 5 जुलाई को रायपुर स्थित एम्स में हुआ था। वह 70 वर्ष की थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं। परिजनों के अनुसार, उन्होंने रविवार तड़के करीब 3:15 बजे अंतिम सांस ली।

 

Exit mobile version