रायपुर, 28 अगस्त। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर के उपरखार में 28 वर्षीय महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का शव घटनास्थल पर पड़ा मिला। महिला के सिर, चेहरे, आंख और नाक पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मौके के पास सीमेंट पोल का एक टूटा हुआ टुकड़ा भी मिला, जिस पर खून के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इसी टुकड़े से महिला पर हमला किया गया होगा। हालांकि हत्या में इसी वस्तु के इस्तेमाल की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हत्या के कारणों की जांच
पुलिस हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान का पता लगाने में जुटी है। घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

