बिलासपुर, 19 नवम्बर। जिले के सीपत क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुड़ी की महिलाएं लंबे समय से वेतन नहीं मिलने से परेशान हैं। अपनी मांग को लेकर महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और प्रशासन से बकाया वेतन का जल्द भुगतान कराने की मांग की।
महिलाओं ने बताया कि वे पिछले लंबे समय से गांव में घर-घर जाकर डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का काम कर रही हैं। इसके लिए उन्हें शुरुआती छह महीने का वेतन तो दिया गया, लेकिन इसके बाद पिछले 18 महीने से एक भी महीने का भुगतान नहीं हुआ है।
महिलाओं का कहना है कि वे बिना किसी रुकावट के अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लगातार घरों से कचरा एकत्रित कर रही हैं। इसके बावजूद मेहनताना नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो रहा है।
इसी समस्या को लेकर सभी महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और प्रशासन के सामने अपनी परेशानी रखी। उन्होंने लंबित वेतन का जल्द भुगतान कराने की मांग की।
गौरतलब है कि कचरा कलेक्शन का काम करने वाली महिलाओं को समय पर वेतन नहीं मिलने की शिकायतें अलग-अलग क्षेत्रों से सामने आती रही हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली इन महिलाओं को आखिर समय पर मेहनताना क्यों नहीं मिल रहा है।

