CG News: सीएम विष्णुदेव साय ने 128 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी

CG News: सीएम विष्णुदेव साय ने 128 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी

रायपुर, 10 जुलाई। CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई अहम घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत रीवा में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण और ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नत करने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया गया है और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास बनकर तैयार हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में अब तक 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रही है। साथ ही सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन महीने बढ़ाने की भी घोषणा की। पात्र उपभोक्ता सितंबर तक ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप या वेबसाइट पर पंजीयन कर योजना का लाभ ले सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आंवले का पौधा लगाया, सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरित की और मिशन उत्कर्ष के तहत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है।

राज्य खबर