Site icon AB News24.in

नशा मुक्त भारत के लिए 100 हफ्तों का अभियान शुरू… रायपुर में युवाओं ने ली शपथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत राजधानी रायपुर के लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया

नशा मुक्त भारत के

रायपुर, 3 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत राजधानी रायपुर के लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य शामिल हुए। सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सबसे अहम भूमिका है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग करें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।

प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

बताया गया कि ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक पूरे देश में चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन और अन्य युवा संगठनों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के दौरान नशामुक्ति शपथ, जागरूकता रैली, पोस्टर और चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Exit mobile version