बलौदाबाजार, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र से घरेलू प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति, दो जेठ और दो देवरों पर पिछले सात वर्षों से शारीरिक शोषण और मानसिक प्रताड़ना करने का आरोप लगाया है। परेशान होकर महिला ने महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर कॉल कर मदद मांगी, जिसके बाद उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
महिला हेल्पलाइन से मांगी मदद
पीड़िता की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक, उसे पिछले सात वर्षों से लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। लंबे समय तक परेशानी झेलने के बाद महिला ने हिम्मत जुटाई और महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर संपर्क कर सहायता मांगी। इसके बाद सखी सेंटर की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जिला अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी
रेस्क्यू के दौरान महिला की हालत गंभीर बताई गई। इसके बाद उसे तत्काल जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल महिला के स्वास्थ्य में सुधार और उसके विस्तृत बयान का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए महिला के पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का बयान दर्ज होने और जांच में अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

