नारायणपुर, 11 जुलाई। Narayanpur News: जिले के विकास को नई गति देते हुए सोनपुर–नारायणपुर–मरोड़ा मार्ग पर कुंदला क्षेत्र के बासिंग बहार और कुमहला नाला पर निर्मित उच्च स्तरीय पुल का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। करीब 11.66 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सालभर सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। लोकार्पण समारोह में वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण को प्राथमिकता दे रही है। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
करीब 11.66 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस उच्च स्तरीय पुल के शुरू होने से बारिश के दौरान कुंदला नाला पार करने में होने वाली कठिनाइयों से लोगों को राहत मिलेगी। अब ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, बाजार और कृषि उपज के परिवहन के लिए बेहतर संपर्क मार्ग मिलेगा। साथ ही नारायणपुर, मरोड़ा और आसपास के गांवों के बीच आवागमन पहले की तुलना में अधिक आसान और सुरक्षित हो जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने पुल निर्माण के लिए शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उनका कहना है कि अब वर्षा ऋतु में भी बिना किसी बाधा के आवाजाही संभव होगी, जिससे आम जनजीवन के साथ विकास कार्यों को भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


