Bihar News: बिहार में सफाईकर्मियों की हड़ताल… सड़कों पर कचरे का अंबार

Bihar News: बिहार में सफाईकर्मियों की हड़ताल… सड़कों पर कचरे का अंबार

 बिहार, 1 अगस्त। Bihar News: बिहार के नगर निकायों में सफाईकर्मियों और ड्राइवरों की हड़ताल पर बैठे हैं। हड़ताल के कारण राज्य के कई शहरों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों तक कचरे का अंबार लग गया है। बदबू और गंदगी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है, वहीं संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।

पटना में 5 हजार से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल पर

राजधानी पटना में 5 हजार से अधिक सफाईकर्मी हड़ताल पर हैं। नगर निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कचरा उठाने की कोशिश शुरू की है, लेकिन हड़ताली कर्मचारी अन्य कर्मियों को भी काम करने से रोक रहे हैं। स्थिति को देखते हुए नगर आयुक्त ने काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कई इलाकों में पुलिस की मौजूदगी में सफाई कराई जा रही है। विरोध से बचने के लिए रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक विशेष सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है।

बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी स्थायी, दैनिक और आउटसोर्स कर्मचारियों की बायोमेट्रिक और मैनुअल उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साथ ही हर वार्ड में 15 से 20 अतिरिक्त कर्मियों की टीम बनाकर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

दरभंगा हालात खराब

दरभंगा में करीब 1500 सफाईकर्मी तीसरे दिन भी हड़ताल पर हैं। शहर में रोजाना उठने वाला लगभग 10 टन कचरा तीन दिनों से नहीं उठ पाया है। कर्मचारी नगर निगम परिसर में धरना देकर समान काम के बदले समान वेतन समेत अपनी तीन सूत्री मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं।

वहीं नालंदा के बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में करीब 1300 सफाईकर्मी हड़ताल पर हैं। रोजाना उठने वाला करीब 250 टन कचरा नहीं उठ सका, जिससे शहर में गंदगी फैल गई है। सुपौल नगर परिषद क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था प्रभावित है और स्थानीय लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई है।

बढ़ा संक्रमण का खतरा

लगातार तीन दिनों से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण शहरों में कचरे का ढेर लग गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल प्रशासन हालात सामान्य करने में जुटा है, जबकि हड़ताली कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील

नगर निगम प्रशासन ने हड़ताली कर्मचारियों से जनहित को देखते हुए काम पर लौटने की अपील की है। निगम का कहना है कि उसके अधिकार क्षेत्र से जुड़ी यूनियन की मांगें स्वीकार कर ली गई हैं, जबकि अन्य मांगों को सरकार के पास भेजा गया है।

Breaking News