रायपुर, 4 अगस्त। CG News: ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की यह सफलता केवल एक खिलाड़ी की उपलब्धि नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर ज्ञानेश्वरी ने साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कठिन परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी और प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अपने सपनों को कमजोर नहीं पड़ने दिया। लगातार अभ्यास, समर्पण और अनुशासन के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की है।
आउट ऑफ टर्न DSP पदोन्नति का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार को अपनी इस बेटी पर गर्व है। इसी सम्मान के तहत उन्हें आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने का निर्णय लिया गया है, ताकि अन्य खिलाड़ी भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों। उन्होंने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उन्होंने ज्ञानेश्वरी को शुभकामनाएं दी थीं और रजत पदक जीतने के बाद वीडियो कॉल के जरिए बधाई भी दी थी।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा पूरा सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां छत्तीसगढ़ का हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।


