रायपुर, 13 अगस्त। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव
मौसम में बदलाव की मुख्य वजह उत्तर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जो समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम आगे और मजबूत होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है और इसके बाद अवदाब में तब्दील होने की संभावना है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर
मौसम प्रणाली का सबसे ज्यादा असर उत्तर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। यहां अगले तीन दिनों तक कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में तेज गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 13 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से अगले चार दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रह सकता है। भारी बारिश और वज्रपात की संभावना वाले इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।


