रायपुर, 30 सितंबर। CG News: छत्तीसगढ़ की राजनीति में मंगलवार को दो अहम मुलाकातों की तस्वीरें सामने आईं। पहली मुलाकात में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से उनके रायपुर स्थित निवास पर मुलाकात की। वहीं, दूसरी मुलाकात में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके निवास पर भेंट की। दोनों मुलाकातों को शिष्टाचार और सौजन्य भेंट बताया गया है।
किरण सिंह देव से मिले दीपक बैज
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के रायपुर स्थित निवास पहुंचे। उन्होंने दिल्ली से स्वास्थ्य लाभ लेकर लौटे किरण देव का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
इस मुलाकात को दीपक बैज ने शिष्टाचार भेंट बताया। इस दौरान कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदु और विधायक रामकुमार टोप्पो भी मौजूद रहे।
डॉ. रमन सिंह से टीएस सिंहदेव की मुलाकात
इसी दिन पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके निवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं ने इस भेंट की तस्वीरें भी साझा कीं। इस मुलाकात को सौजन्य भेंट बताया गया है।
एक ही दिन सामने आईं दो तस्वीरें
छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की इन मुलाकातों की तस्वीरें एक ही दिन सामने आने से राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, दोनों मुलाकातों को शिष्टाचार भेंट बताया गया है और इनके संबंध में किसी नए राजनीतिक फैसले या समीकरण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


