CM Youth Conclave 2026: CM यूथ कॉन्क्लेव-2026 में 20 हजार युवाओं से संवाद करेंगे सीएम मोहन यादव

CM Youth Conclave 2026: CM यूथ कॉन्क्लेव-2026 में 20 हजार युवाओं से संवाद करेंगे सीएम मोहन यादव

भोपाल, 05 अक्टूबर। CM Youth Conclave 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 6 अक्टूबर को CM यूथ कॉनक्लेव 2026 का आयोजन किया जाएगा। लाल परेड मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 हजार से ज्यादा युवाओं से सीधे संवाद करेंगे।

इस कॉनक्लेव का उद्देश्य युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप और AI-रोबोटिक्स जैसी नई तकनीकों से जोड़ना है। कार्यक्रम में AI, रोबोटिक्स और ड्रोन जैसी भविष्य की तकनीकों पर विशेष फोकस रहेगा।

कॉनक्लेव में 17 शासकीय विभागों और विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी होगी। विशेषज्ञ युवाओं को बदलते जॉब मार्केट, नई तकनीकों, पुलिस और साइबर सुरक्षा के साथ स्टार्टअप से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देंगे।

कार्यक्रम में नई तकनीकों से जुड़े 80 से ज्यादा प्रदर्शनी कक्ष लगाए जाएंगे। इनमें AI, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, ड्रोन, इलेक्ट्रिक वाहन और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों की जानकारी युवाओं को दी जाएगी। इसके अलावा युवाओं को स्टार्टअप आइडिया को बिजनेस में बदलने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।

मनोरंजन का भी रहेगा इंतजाम

युवा कॉनक्लेव में ज्ञान और मार्गदर्शन के साथ मनोरंजन का भी इंतजाम किया गया है। कार्यक्रम में गायक जुबिन नौटियाल और मुंबई का कबीर कैफे बैंड युवाओं के बीच प्रस्तुति देंगे।

सरकार का फोकस युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सही अवसर उपलब्ध कराने पर है, ताकि उन्हें रोजगार, कौशल और नई तकनीकों से जोड़कर विकसित मध्य प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

National