Chhattisgarh: डॉक्टर से प्रशासनिक अधिकारी तक का सफर… तंबोली अय्याज को मिली नई जिम्मेदारी

Chhattisgarh: डॉक्टर से प्रशासनिक अधिकारी तक का सफर… तंबोली अय्याज को मिली नई जिम्मेदारी

रायपुर, 10 अक्टूबर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ कैडर के 2009 बैच के IAS अधिकारी तंबोली अय्याज फकीरभाई को भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) में कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति वित्तीय सेवा विभाग के अंतर्गत की गई है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से पांच साल या अगले आदेश तक रहेगा।

UPSC में दूसरे प्रयास में हासिल की 75वीं रैंक

तंबोली अय्याज फकीरभाई का जन्म 23 दिसंबर 1981 को महाराष्ट्र के पुणे जिले की बारामती तहसील के सोमेश्वर नगर में हुआ था। उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में अपने दूसरे प्रयास में 75वीं रैंक हासिल की और भारतीय प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई।

उनका मूल गांव पुणे जिले की शिरूर तहसील का मुखरी बताया जाता है। उनके पिता पास के जातेगांव में प्राथमिक शिक्षक थे। अय्याज ने नौवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई शिरूर में पूरी की।

इंजीनियरिंग छोड़ पूरी की MBBS की पढ़ाई

तंबोली अय्याज ने गणित विषय के साथ विज्ञान की पढ़ाई की थी। बारहवीं के बाद उन्होंने इंजीनियरिंग में दाखिला लिया, लेकिन करीब तीन महीने बाद ही इसे छोड़कर मेडिकल की पढ़ाई करने का फैसला किया। उन्होंने वर्ष 2006 में पुणे से MBBS की डिग्री हासिल की।

IRDAI में कार्यकारी निदेशक की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद वे बीमा क्षेत्र के नियमन और विकास से जुड़े कामकाज में भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति छत्तीसगढ़ कैडर के एक वरिष्ठ IAS अधिकारी को मिली अहम जिम्मेदारी के रूप में देखी जा रही है।

राज्य खबर