Prathmesh Hospital: रायपुर में 125 बिस्तरों वाले प्रथमेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ… सीएम साय ने किया उद्घाटन

Prathmesh Hospital: रायपुर में 125 बिस्तरों वाले प्रथमेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ… सीएम साय ने किया उद्घाटन

रायपुर, 12 अक्टूबर। Prathmesh Hospital: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के देवपुरी में 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक प्रथमेश सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार प्रदेश के हर नागरिक तक सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री साय ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आधुनिक चिकित्सा संस्थानों की शुरुआत से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए छत्तीसगढ़ के लोगों को दूसरे राज्यों में न जाना पड़े और उन्हें अपने प्रदेश में ही बेहतर उपचार मिल सके।

छत्तीसगढ़ में ही मिलेंगी आधुनिक उपचार सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी के इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाना मरीजों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक बोझ के साथ कई तरह की परेशानियां भी पैदा करता है। रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक अस्पतालों और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होने से दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी। इससे छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। इससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलने के साथ चिकित्सकों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

आयुष्मान भारत योजना से गरीब परिवारों को राहत

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ी है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। छत्तीसगढ़ सरकार भी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सुदूर वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों में भी बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक परेशानी किसी भी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने।

नवा रायपुर में 200 एकड़ में विकसित हो रही मेडिसिटी

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे प्रदेश में सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही चिकित्सा निवेश, मेडिकल टूरिज्म और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि रायपुर और नवा रायपुर में आधुनिक चिकित्सा संस्थानों के विकास से छत्तीसगढ़ की पहचान एक प्रमुख हेल्थकेयर केंद्र के रूप में मजबूत होगी। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के लोगों को गंभीर और जटिल बीमारियों के बेहतर इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े, बल्कि दूसरे राज्यों के मरीज भी उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आएं।

युवाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

सीएम साय ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश से केवल अस्पतालों और चिकित्सा उपकरणों का विकास नहीं होता, बल्कि डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों और पैरामेडिकल कर्मचारियों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। आधुनिक चिकित्सा संस्थानों के विस्तार से प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर रोजगार मिल सकेगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य सुखी और समृद्ध जीवन का आधार है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रथमेश हॉस्पिटल के शुरू होने से लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। सरकारी अस्पतालों को मजबूत करने के साथ निजी क्षेत्र में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू, प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू, डॉ. सारिका साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राज्य खबर