बलौदाबाजार, 26 अक्टूबर। Balodabazar Road Accident: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर दरचुरा के पास यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 NM 0859 सोमवार तड़के अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। सुबह करीब 5:30 बजे दरचुरा के पास बस सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई।
हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 से 10 यात्री घायल हो गए। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों का सामान बिखर गया।
पुलिस और राहत दल ने चलाया बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और सिमगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और राहत दल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों की पहचान कर उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया भी जारी है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा सड़क किनारे खड़े ट्रक पर रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा संकेतक लगे थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।


