Brazil Election Victory: जेल से राष्ट्रपति की कुर्सी तक… लूला की फिर सत्ता में वापसी

Brazil Election Victory: जेल से राष्ट्रपति की कुर्सी तक… लूला की फिर सत्ता में वापसी

रायपुर डेस्क, 26 अक्टूबर। Brazil Election Victory: ब्राजील की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। 80 वर्षीय लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने राष्ट्रपति चुनाव में चौथी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने फ्लावियो बोल्सोनारो को हराकर सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत की। पहले दौर में पिछड़ने के बाद दूसरे दौर में लूला की वापसी चुनाव का सबसे बड़ा घटनाक्रम रही।

पहले चरण में फ्लावियो को 47 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि लूला को 45.16 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे। हालांकि, दूसरे दौर में मुकाबला दोनों नेताओं के बीच सिमट गया और लूला ने बाजी पलट दी।

जेल जाने के बाद फिर सत्ता तक पहुंचे लूला

लूला दा सिल्वा का राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वे 2003 से 2010 तक दो कार्यकाल के लिए ब्राजील के राष्ट्रपति रह चुके हैं। साल 2018 में भ्रष्टाचार के मामले में उन्हें जेल जाना पड़ा था, लेकिन बाद में उनकी सजा रद्द कर दी गई। इसके बाद उन्होंने 2022 में राजनीतिक वापसी करते हुए राष्ट्रपति पद हासिल किया।

गरीबों और मजदूरों पर रहेगा फोकस

चुनावी जीत के बाद लूला के सामने अपने वादों को पूरा करने की चुनौती होगी। उन्होंने गरीब परिवारों को आर्थिक राहत देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और मजदूरों की स्थिति सुधारने का वादा किया है। इसके अलावा सरकारी सहायता बढ़ाने और सप्ताहांत में सार्वजनिक परिवहन मुफ्त करने की बात भी कही है।

संसद में विरोध और आर्थिक चुनौतियां बढ़ाएंगी मुश्किलें

लूला की राह आसान नहीं रहने वाली है। संसद में दक्षिणपंथी दलों की मजबूत स्थिति उनकी नीतियों को लागू करने में बाधा बन सकती है। वहीं, बढ़ता सरकारी कर्ज, महंगाई और ऊंची ब्याज दरें भी सरकार के लिए बड़ी चुनौती होंगी। अब यह देखना अहम होगा कि लूला अपनी चुनावी घोषणाओं को कितना पूरा कर पाते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को किस दिशा में ले जाते हैं।

International