ACB Raid: महिला अधिकारी के 8 ठिकानों पर छापा… करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

ACB Raid: महिला अधिकारी के 8 ठिकानों पर छापा… करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

तेलंगाना, 17 नवम्बर। ACB Raid: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मोइनाबाद नगर पालिका की टाउन प्लानिंग ऑफिसर गुंडू वाणी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। 16 नवंबर को ACB की टीम ने अधिकारी के घर, कार्यालय और रिश्तेदारों, सहयोगियों व कथित बेनामीदारों से जुड़े कुल आठ ठिकानों पर छापेमारी की। शुरुआती जांच में करीब 6.76 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है।

ACB के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कई मकानों, प्लॉट और कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। इनमें अटापुर में करीब 63 लाख रुपये का फ्लैट, लगभग 2.45 करोड़ रुपये की तीन मंजिला इमारत और महबूबनगर में 1.10 एकड़ कृषि भूमि शामिल है। इसके अलावा दो खाली प्लॉट की सरकारी कीमत करीब 87.67 लाख रुपये आंकी गई है।

नकदी, सोना और शेयर में भी निवेश

तलाशी के दौरान अधिकारियों को 5.47 लाख रुपये नकद, करीब 1.30 करोड़ रुपये के शेयर, बैंक खातों में 7.97 लाख रुपये और 175 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण मिले। इसके अलावा महिंद्रा XUV700 और हुंडई क्रेटा समेत वाहनों की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। महबूबनगर के एक वाइन कारोबार में 50 लाख रुपये के निवेश की जानकारी भी सामने आई है।

ACB ने अब तक कुल संपत्ति का शुरुआती मूल्यांकन 6,76,45,738 रुपये किया है। एजेंसी के अनुसार, जांच आगे बढ़ने के साथ संपत्ति का आंकड़ा बढ़ सकता है।

75 हजार की रिश्वत मामले में भी हुई थी गिरफ्तारी

गौरतलब है कि गुंडू वाणी को 30 सितंबर 2026 को 75 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेने के मामले में भी गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। आय से अधिक संपत्ति और रिश्वत से जुड़े दोनों मामले फिलहाल जांच के अधीन हैं।

National