हिंगोली, 14 अगस्त। शिक्षा व्यवस्था और सरकारी स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके 15 अगस्त से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुबह 7:30 बजे महाराष्ट्र के हिंगोली के पिंपरी से इस अभियान का आगाज होगा।
अभियान में अभिजीत दिपके खुद शामिल होंगे। इसके तहत सरकारी स्कूलों में मौजूद बुनियादी सुविधाओं, विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
जंतर-मंतर आंदोलन के बाद नई मुहिम
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के बाद अभिजीत दिपके ने अब शिक्षा व्यवस्था को लेकर नई मुहिम शुरू करने का ऐलान किया है। ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के जरिए सरकारी स्कूलों की जमीनी स्थिति और विद्यार्थियों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य स्कूलों की समस्याओं को सामने लाकर उन्हें संबंधित प्रशासन और अधिकारियों तक पहुंचाना है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और जरूरी सुविधाएं मिल सकें।
गांवों के सरकारी स्कूलों पर उठाए सवाल
अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि आजादी के बाद के दशकों में गांवों के सरकारी स्कूलों की स्थिति को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिली।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बेहतर सड़क की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों का भी समर्थन किया। चांदपुर गांव के सैकड़ों बच्चे अपने माता-पिता और ग्रामीणों के साथ जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे थे।
दिपके ने बच्चों के प्रदर्शन को उनके भविष्य के लिए संघर्ष बताते हुए उनका हौसला बढ़ाया और कहा कि ऐसे प्रयासों को ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान से जोड़ा जाएगा।

