Site icon AB News24.in

Abhinandan Varthaman: अभिनंदन वर्धमान की नई उड़ान… अब प्राइवेट एयरलाइन में पायलट

नई दिल्ली, 03 सितम्बर। Abhinandan Varthaman: भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान ने अपने करियर की नई शुरुआत की है। 2019 में पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने के बाद देशभर में चर्चा में आए अभिनंदन अब गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन Fly91 से बतौर पायलट जुड़ गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने अगस्त में एयरलाइन ज्वाइन की है।

2019 की हवाई लड़ाई से हुए थे मशहूर

अभिनंदन 27 फरवरी 2019 को नियंत्रण रेखा के पास हुई हवाई लड़ाई के बाद सुर्खियों में आए थे। उस समय वह भारतीय वायुसेना में विंग कमांडर के पद पर तैनात थे। हवाई संघर्ष के दौरान उनका MiG-21 Bison विमान भी निशाना बना, जिसके बाद उन्हें विमान से बाहर निकलना पड़ा।

इसके बाद वह पाकिस्तान में पकड़े गए और करीब 60 घंटे हिरासत में रहने के बाद 1 मार्च 2019 को भारत लौटे। उनकी बहादुरी के लिए वर्ष 2021 में उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया।

वायुसेना से एयरलाइन तक का सफर

अभिनंदन ने 31 मार्च को भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्ति ली। इसके बाद अब उन्होंने कमर्शियल एविएशन में कदम रखा है। वह Fly91 में पायलट की भूमिका में नजर आएंगे।

Fly91 ने मार्च 2024 में अपनी उड़ान सेवाएं शुरू की थीं। एयरलाइन के पास फिलहाल ATR 72-600 विमान हैं और इसके प्रमुख केंद्र गोवा और हैदराबाद में हैं।

हालांकि, अभिनंदन की नियुक्ति को लेकर एयरलाइन की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

Exit mobile version