अंबिकापुर, 20 सितम्बर। Agra Mahakumbh 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, दानशीलता, परोपकार और समाजसेवा की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में अग्रवाल समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज के उद्यमियों ने व्यापार के साथ उद्योगों की स्थापना, रोजगार सृजन और जनसेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय काम किया है।
मुख्यमंत्री ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने समानता, सहयोग, करुणा और सहभागिता पर आधारित समाज की कल्पना की थी। अग्रवाल समाज ने इन आदर्शों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि अर्थोपार्जन के साथ परमार्थ की भावना भी समाज की विशेष पहचान रही है।

कोरोना काल में समाज ने निभाई जिम्मेदारी
CM साय ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान अग्रवाल समाज ने जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे बढ़कर काम किया। ऑक्सीजन की व्यवस्था, जरूरतमंद परिवारों तक राशन पहुंचाने और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों की सहायता जैसे कार्यों में समाज ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सुरक्षित, पारदर्शी और उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है, ताकि निवेश बढ़े और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार हों।
महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने अग्र महाकुंभ में महिलाओं और युवाओं के लिए आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, स्टार्टअप और समाजसेवा सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। वहीं युवाओं से आधुनिक तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि नए उद्यम शुरू कर खुद आगे बढ़ें और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें।
8.23 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
CM साय ने बताया कि राज्य को अब तक करीब 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य की औद्योगिक नीति 2024-30 को रोजगार केंद्रित बनाया गया है। साथ ही पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है, जिससे होटल, होम-स्टे और पर्यटन सेवाओं के क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं की उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी गई है। इसके लिए अगले पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र, 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के जरिए स्थानीय उत्पादों, छोटे उद्योगों और मूल्य संवर्धित कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को बड़े बाजारों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
ट्रेड फेयर का भी किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने अग्र महाकुंभ स्थल पर लगाए गए ट्रेड फेयर का फीता काटकर शुभारंभ किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने उद्यमियों से उनके उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि अग्र महाकुंभ सामाजिक जिम्मेदारी, संगठन शक्ति और भविष्य की दिशा पर विचार करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के विचारों में समानता, सहयोग और सहभागिता की भावना प्रमुख थी।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, बसना विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल सहित समाज के राष्ट्रीय और प्रांतीय पदाधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

