अंबिकापुर, 12 सितम्बर। Ambikapur News: शहर के महामाया रोड पर स्कूटी से जा रहे भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के भतीजे अभिरत सिंहदेव के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने रास्ते में उन्हें रोककर पैसे मांगे और इनकार करने पर घेरकर उनके साथ मारपीट की।
घटना 7 सितंबर की शाम कोतवाली थाना क्षेत्र में समलाया मंदिर के पास की बताई जा रही है। अभिरत सिंहदेव अपने दोस्त देव दुबे के साथ स्कूटी से महामाया पारा जा रहे थे। इसी दौरान गोलू पठान, राज बंगाला समेत कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
शिकायत के मुताबिक, पैसे देने से इनकार करने पर युवकों ने अभिरत को घेर लिया और उनके साथ झूमाझटकी व मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान उनकी जेब से 2500 रुपये भी निकाल लिए गए। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
CCTV फुटेज में दिखी झूमाझटकी
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में स्कूटी रुकने के बाद कुछ युवक अभिरत को घेरते और उनके साथ झूमाझटकी करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद अभिरत किसी तरह स्कूटी लेकर वहां से निकलते दिखाई देते हैं।
पुलिस ने गोलू पठान, राज बंगाला समेत कई आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

