गरियाबंद, 24 जुलाई। Amlipadar Rath Yatra: गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा महापर्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। भगवान जगन्नाथ सबको साथ लेकर चलने और लोककल्याण का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए अमलीपदर क्षेत्र के बाल्टीजोर नाले पर नए पुल के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुल बनने से ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना’ की अंतिम तिथि जून से बढ़ाकर सितंबर 2026 तक कर दी गई है। वहीं, महतारी वंदन योजना के माध्यम से हर महीने महिलाओं के खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की जा रही है, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
सुशासन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनशिकायतों की दैनिक समीक्षा कर रही है और अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।
कार्यक्रम के दौरान एक आत्मीय दृश्य भी देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपना काफिला रुकवाकर सरस्वती शिशु मंदिर के स्कूली बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई और भविष्य के सपनों के बारे में बातचीत की तथा उनके आग्रह पर उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री के इस सहज व्यवहार ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गरियाबंद कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

