Site icon AB News24.in

Animesh Kujur Asian Games: कांकेर की गलियों से एशियन गेम्स तक… अनिमेष कुजूर ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

कांकेर, 1 अक्टूबर। Animesh Kujur Asian Games: छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि कांकेर में बचपन बिताने वाले भारतीय धावक अनिमेष कुजूर ने एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए कांस्य पदक जीता है। जापान के आइची-नागोया में आयोजित प्रतियोगिता में अनिमेष ने मिक्स्ड 4×100 मीटर रिले में भारतीय टीम के साथ हिस्सा लिया। टीम ने 41.06 सेकंड का समय दर्ज करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

अनिमेष की यह उपलब्धि उनकी मेहनत और संघर्ष की कहानी बयां करती है। मूल रूप से जशपुर के रहने वाले अनिमेष का बचपन कांकेर में बीता। उनके पिता अमृत कुजूर और मां रीना कुजूर करीब 11 साल तक कांकेर पुलिस में पदस्थ रहे। अनिमेष ने पांचवीं कक्षा तक सेंट माइकल स्कूल, कांकेर में पढ़ाई की।

लॉकडाउन में पिता बने कोच

अनिमेष के खेल सफर में साल 2020 का लॉकडाउन अहम मोड़ साबित हुआ। उस समय खेल गतिविधियां बंद थीं और उन्हें प्रोफेशनल कोच भी नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में पुलिस विभाग में पदस्थ उनके पिता अमृत कुजूर ने बेटे को प्रशिक्षण देना शुरू किया।

नरहरदेव मैदान में पिता की देखरेख में अनिमेष ने घंटों अभ्यास किया। उनकी मेहनत का परिणाम जिला स्तरीय प्रतियोगिता में देखने को मिला, जहां उन्होंने पांच स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीते। इसके बाद उनके एथलेटिक्स करियर को नई दिशा मिली।

नरहरदेव मैदान से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

कभी कांकेर के मैदान में अभ्यास करने वाले अनिमेष आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। एशियन गेम्स में कांस्य पदक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड उनकी खेल यात्रा की बड़ी उपलब्धियां हैं।

Exit mobile version