रायपुर डेस्क। Arabian Sea Drugs seized: अरब सागर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस ने बड़ी कार्रवाई की है। लक्षद्वीप के पश्चिम में एक संदिग्ध ईरानी धौ (पारंपरिक नाव) को रोककर करीब 526 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। जब्त खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
खुफिया इनपुट के बाद शुरू हुआ ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई 25 सितंबर को की गई। खुफिया इनपुट मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्र और हवा से संदिग्ध धौ की निगरानी शुरू की। उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद तटरक्षक बल ने पीछा कर समुद्र में नाव को रोक लिया और तलाशी ली।
हेरोइन और मेथामफेटामाइन जब्त
तलाशी के दौरान धौ से करीब 526 किलोग्राम नशीले पदार्थ बरामद किए गए। तटरक्षक बल के अनुसार, जब्त खेप में उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
पांच पाकिस्तानी नागरिक पकड़े गए
कार्रवाई के दौरान धौ पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। भारतीय तटरक्षक बल के मुताबिक, नाव, चालक दल और जब्त नशीले पदार्थों को सुरक्षा के बीच मुंबई लाया गया है।
फिलहाल, मामले में संयुक्त पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान तस्करी के नेटवर्क और खेप से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी।

