Site icon AB News24.in

Ashokdham Temple Stampede: अशोकधाम मंदिर में भगदड़… 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत

लखीसराय, 17 अगस्त। Ashokdham Temple Stampede: सावन की तीसरी सोमवारी पर बिहार के लखीसराय स्थित अशोकधाम मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच करंट फैलने की अफवाह के बाद अचानक भगदड़ मच गई। हादसे में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत और 12 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि मंदिर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग के पास बिजली का पोल गिरने और करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैली। इसके बाद श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई और लोग सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे। इसी दौरान बांस-बल्ले की बैरिकेडिंग टूट गई और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई श्रद्धालु भीड़ में दब गए। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मौके पर पहुंचा प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े छह बजे मंदिर में भीड़ अचानक बढ़ गई थी। बैरिकेडिंग टूटने के बाद लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े।

डीएम और एसपी मौके पर कैंप कर रहे हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

हादसे के बाद मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की ओर से घटना के कारणों और व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है।

Exit mobile version