Site icon AB News24.in

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला गोल्ड… महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास

रायपुर, 22 सितंबर। Asian Games 2026: भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपना पहला गोल्ड मेडल जीत लिया है। महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रन बनाए, जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 69 रन पर ऑलआउट हो गई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े। शेफाली 29 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों में 79 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 छक्के और 5 चौके लगाए।

मंधाना ने अपनी पारी के दौरान एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। वह 11 हजार इंटरनेशनल रन पूरे करने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बनीं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 17 गेंदों में 19 रन बनाए।

इसके बाद ऋचा घोष ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए भारत के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। उन्होंने 22 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। आखिरी ओवर में भारत ने 25 रन बनाए और टीम का स्कोर 216 रन तक पहुंच गया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। शेफाली वर्मा ने पावरप्ले में दो विकेट लिए। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने कप्तान चमारी अट्टापट्टू को 21 रन पर आउट किया। दीप्ति ने कुल 3 विकेट लिए, जबकि शेफाली वर्मा, श्रेयांका पाटिल और श्री चरणी को 2-2 विकेट मिले।

श्रीलंका की पूरी टीम 69 रन पर सिमट गई और भारत ने 147 रन से फाइनल जीतकर एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

Exit mobile version