जगदलपुर, 20 नवम्बर। Bafna House Case: बाफना हाउस में 21 वर्षीय युवती की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। परिजन इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं और हत्या व यौन उत्पीड़न की आशंका जता रहे हैं। मामले में सर्व समाज ने धरना-प्रदर्शन कर CBI जांच की मांग की है। वहीं, बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने प्रदर्शन और लगाए जा रहे आरोपों पर चिंता जताते हुए कहा है कि इससे व्यापारियों में डर का माहौल बन रहा है।
परिजनों ने पुलिस को मिले कथित सुसाइड नोट की लिखावट पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका दावा है कि नोट की हैंडराइटिंग युवती की दूसरी नोटबुक में मौजूद लिखावट से मेल नहीं खाती। परिवार ने युवती के शरीर पर खरोंच और चोट के निशान होने का आरोप भी लगाया है। साथ ही निजी अंगों पर चोट होने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा मोबाइल
दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी बताई गई है। CSP अंशिका जैन के मुताबिक, सुसाइड नोट की लिखावट की जांच हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराई जाएगी। युवती का मोबाइल भी परिजनों से लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा प्रतिष्ठान के मालिक और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
चेंबर ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
इधर, बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सोमानी ने कहा कि अब तक की जांच में बाफना परिवार या कर्मचारियों की भूमिका सामने नहीं आई है। उन्होंने प्रदर्शन और आरोपों से व्यापारिक समुदाय में बन रहे भय के माहौल पर चिंता जताई। चेंबर की ओर से परिवार की सुरक्षा को लेकर IG, कलेक्टर और SP को पत्र भी सौंपा गया है।
फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है। मोबाइल की फॉरेंसिक रिपोर्ट और सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग जांच के बाद कई अहम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। वहीं, युवती की मौत को लेकर प्रदर्शन और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

