बागपत, 07 सितम्बर। Baghpat Accident News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के श्रद्धालुओं से भरी एक ओवरलोड पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी श्रद्धालु राजस्थान के गोगामेड़ी से दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, पिकअप में क्षमता से अधिक करीब 32 से 35 श्रद्धालु सवार थे। ये श्रद्धालु हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। तड़के एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार में चल रही पिकअप का एक टायर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई श्रद्धालु सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और एक्सप्रेसवे गश्ती टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
दुर्घटना में 4 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 27 घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बागपत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
CM योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को नि:शुल्क और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

