Site icon AB News24.in

Balrampur Crime News: फल दुकान संचालक के सूने घर में चोरी… ताला तोड़कर ले गए एक लाख रुपये

बलरामपुर, 20 सितम्बर। Balrampur Crime News: जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 5 में शुक्रवार शाम अज्ञात चोरों ने फल दुकान संचालक के घर का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 5 निवासी सत्येंद्र गुप्ता फल का व्यवसाय करते हैं। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे वह परिवार के साथ घर में ताला लगाकर चांदो चौक स्थित अपनी फल दुकान पर चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

शाम करीब 7:25 बजे सत्येंद्र गुप्ता और परिवार के सदस्य जब घर लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर घर में रखे करीब एक लाख रुपये नकद गायब मिले।

घर मालिक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ चोरी से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

चोरी की घटना के बाद वार्डवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version