नई दिल्ली, 28 सितंबर। Bank Strike: इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बैठक के बाद बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है।
बैठक में बैंकों में पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी की मांग को लेकर चर्चा हुई। हालांकि, सरकारी सूत्रों के मुताबिक वित्त मंत्रालय की ओर से इस प्रस्ताव पर अभी कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई गई है। वहीं, बैंक कर्मचारी संघों की ओर से 5 दिवसीय कार्य सप्ताह पर सहमति बनने का दावा किया गया था, जिसे सरकारी सूत्रों ने खारिज किया है।
UFBU के हालिया सर्कुलर के अनुसार, बैंकों में बचे हुए सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने की मांग पर विचार के लिए IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति का जल्द गठन किया जाएगा। इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बैठक से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इन कदमों को देखते हुए UFBU ने प्रस्तावित आंदोलन और देशव्यापी हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया है। इससे 28 से 30 सितंबर के दौरान बैंकिंग सेवाओं पर प्रस्तावित हड़ताल का असर नहीं पड़ेगा।

