Site icon AB News24.in

Banke Bihari Temple: वृंदावन में 50 एकड़ में बनेगा बांके बिहारी मंदिर? समिति की बैठक में उठा मुद्दा

वृंदावन, 18 नवम्बर। Banke Bihari Temple: ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मंगलवार को हाईपावर्ड कमेटी की 22वीं बैठक आयोजित की गई। लक्ष्मण शहीद सभागार में हुई इस बैठक में मंदिर के विस्तार, नए भवन के निर्माण, उपलब्ध आठ करोड़ रुपये की धनराशि के उपयोग और दर्शन व्यवस्था समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में सेवायत सदस्य की ओर से 50 एकड़ जमीन उपलब्ध कराकर नया मंदिर बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया।

31 मार्च 2027 तक खर्च करने हैं 8 करोड़ रुपये

बैठक में मंदिर के चार्टर्ड अकाउंटेंट की ओर से प्रस्तुत वित्तीय रिपोर्ट के आधार पर आय-व्यय और उपलब्ध धनराशि के इस्तेमाल पर विचार-विमर्श किया गया। बताया गया कि वित्तीय प्रावधानों के तहत 31 मार्च 2027 तक करीब आठ करोड़ रुपये ठाकुरजी से जुड़े कार्यों पर खर्च किए जाने हैं। इस राशि का उपयोग मंदिर के विस्तार और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित करने में करने का सुझाव दिया गया।

हालांकि, जिलाधिकारी, एसएसपी सहित संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण इस मुद्दे पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका।

बिहार पंचमी उत्सव के लिए 8 लाख रुपये मंजूर

बैठक में मंदिर के आगामी उत्सवों और शोभायात्राओं की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। बिहार पंचमी उत्सव को भव्य तरीके से आयोजित करने के लिए आठ लाख रुपये खर्च करने की मंजूरी दी गई।

वहीं, पिछली शोभायात्रा में बैंड संचालकों द्वारा फिल्मी गाने बजाए जाने की शिकायत पर कमेटी ने नाराजगी जताई। अध्यक्ष अशोक ने स्पष्ट किया कि भविष्य में शोभायात्राओं के दौरान फिल्मी गाने बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले बैंड संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था पर उठे सवाल

बैठक में सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मियों द्वारा महिलाओं के साथ छेड़खानी और पुलिसकर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं से अभद्रता की शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

उन्होंने 14 दिसंबर को ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के प्राकट्योत्सव के आयोजन के लिए कम से कम 11 लाख रुपये का बजट निर्धारित करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे कम राशि में आयोजन की बेहतर व्यवस्था करना मुश्किल होगा।

हिमांशु गोस्वामी ने आम श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने की व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कमेटी की 22 बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहे हैं। नगर निगम और विद्युत विभाग को लगातार निर्देश दिए जाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।

कॉरिडोर के विकल्प के रूप में 50 एकड़ जमीन पर नया मंदिर बनाने का प्रस्ताव

बैठक में हिमांशु गोस्वामी ने प्रस्तावित कॉरिडोर के विकल्प के रूप में 50 एकड़ जमीन पर नया मंदिर विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने सरकार से इसके लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की।

उनका कहना था कि ऐसा विकल्प तैयार किया जाना चाहिए, जिससे वृंदावन की ऐतिहासिक कुंज गलियों का स्वरूप सुरक्षित रहे। साथ ही स्थानीय लोगों के घर और रोजगार प्रभावित न हों तथा कॉरिडोर की जद में आने वाले प्राचीन मंदिरों को तोड़ने की स्थिति भी पैदा न हो।

बैठक में मंदिर के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई प्रस्ताव सामने आए, हालांकि कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर अंतिम निर्णय होना अभी बाकी है।

Exit mobile version