रायपुर, 11 अगस्त। Bastar Tringa News: भाजपा तिरंगा यात्रा को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि 12 से 15 अगस्त तक बस्तर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की शुरुआत 12 अगस्त को सुबह 9 बजे नारायणपुर से होगी। तिरंगा यात्रा ऐसे इलाकों से होकर गुजरेगी, जहां पहले नक्सल गतिविधियों के चलते पहुंचना मुश्किल था।
विजय शर्मा ने कहा कि पिछले ढाई साल में बस्तर के कई ऐसे इलाकों में तिरंगा फहराया गया है, जहां पहले जाना संभव नहीं था। उन्होंने दावा किया कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब पूरे बस्तर में तिरंगा शान से लहराएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान प्रशासन और समाज के लोग भी मौजूद रहेंगे, जिससे यह संदेश जाएगा कि इन क्षेत्रों में अब सुरक्षा का माहौल है।
चिंगवरम, ताड़मेटला और झीरम भी जाएगी यात्रा
डिप्टी सीएम ने बताया कि तिरंगा यात्रा के दौरान वे चिंगवरम, ट्रेरबोर और ताड़मेटला जैसे इलाकों में भी जाएंगे। इन स्थानों पर नक्सली हिंसा में जवानों और अन्य लोगों की जान गई थी।
उन्होंने कहा कि चिंगवरम में मिले 31 शवों और ताड़मेटला में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। विजय शर्मा ने कहा कि वे झीरम घाटी भी जाएंगे और वहां शहीदों को नमन करेंगे।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
विजय शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नक्सलवाद खत्म होने की बात कांग्रेस को स्वीकार नहीं हो रही है। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर प्रदर्शन के दौरान गोली चलने की बात कही जा रही है, तो उसे साबित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं की मांगों को लोकतंत्र में उठाने का अधिकार है और सरकार संवेदनशील तरीके से उनकी बात सुनती है। विजय शर्मा ने राहुल गांधी से सदन में चर्चा के दौरान मौजूद रहने की अपील करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर सरकार जवाब देने के लिए तैयार है।
तिरंगा यात्रा के जरिए शहीदों को श्रद्धांजलि का संदेश
डिप्टी सीएम ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य उन स्थानों तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाना है, जहां लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों के कारण सामान्य आवाजाही मुश्किल रही। यात्रा के जरिए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि बस्तर अब शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

