भाटापारा, 20 सितम्बर। Bhatapara Murder Case: भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के सिंगापुर गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजा राम उर्फ चोटी साहू (52) के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि अज्ञात आरोपी ने भारी पत्थर से चेहरे पर वार कर उसकी हत्या की है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह सूचना मिली कि सिंगापुर गांव में कोदवा जाने वाले मार्ग स्थित इन्द्रा कॉलोनी में राजा राम उर्फ चोटी साहू मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही एसडीओपी भाटापारा के साथ भाटापारा ग्रामीण थाना, पुलिस सहायता केंद्र निपनिया, एफएसएल और साइबर सेल बलौदाबाजार की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में वारदात 19 और 20 सितंबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने भारी और वजनी पत्थर से मृतक के चेहरे पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
फिलहाल हत्या की वजह और आरोपी की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है। मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ के साथ एफएसएल और साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।


