रायपुर, 23 सितंबर। Bhathagaon: भाठागांव में सब्जी बाजार हटाने की कार्रवाई बुधवार को विवाद में बदल गई। नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी, इसी दौरान वहां मौजूद लोगों से कर्मचारियों की बहस हो गई। मामला बढ़ने पर धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई।
घटना में निगम के चार कर्मचारियों के घायल होने की जानकारी है। एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और अतिरिक्त बल तैनात किया।
बताया जा रहा है कि सड़क और आसपास लगने वाले सब्जी बाजार को हटाने के लिए निगम की टीम पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही विरोध को लेकर विवाद बढ़ गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। मामले में नगर निगम और पुलिस की ओर से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।


