Site icon AB News24.in

Big Meeting: महानदी विवाद पर 1 अक्टूबर को अहम बैठक… अमित शाह के साथ होंगे दोनों मुख्यमंत्री

रायपुर, 29 सितंबर। Big Meeting: छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद को सुलझाने के लिए 1 अक्टूबर को नई दिल्ली में अहम बैठक होने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल होंगे।

ओडिशा के महाधिवक्ता पितांबर आचार्य ने बैठक की जानकारी दी है। दोनों राज्यों के बीच महानदी के जल बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। ऐसे में इस बैठक को विवाद के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सितंबर में दोनों मुख्यमंत्रियों की हुई थी मुलाकात

इससे पहले 20 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की भुवनेश्वर में मुलाकात हुई थी। इस दौरान महानदी जल विवाद पर चर्चा हुई और आपसी सहमति से समाधान निकालने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ी।

जुलाई में भी हुई थी बैठक

महानदी विवाद को लेकर 30 जुलाई को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल की अध्यक्षता में भी दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक हुई थी। इसमें विवाद के समाधान के लिए बातचीत और तकनीकी सहयोग के जरिए आगे बढ़ने पर जोर दिया गया था।

अब सभी की नजरें 1 अक्टूबर को होने वाली बैठक पर हैं। माना जा रहा है कि इसमें महानदी के जल बंटवारे से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी और दोनों राज्यों के बीच सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।

Exit mobile version