Site icon AB News24.in

Bihar: अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव… JCB का शीशा टूटा

मुजफ्फरपुर, 28 नवम्बर। Bihar: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर स्थानीय दुकानदारों और उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। केशव चौक स्थित विपणन केंद्र की छत से अचानक ईंट-पत्थर बरसाए जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में जेसीबी का शीशा और हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन राहगीर घायल हो गए। इस दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज बाल-बाल बच गए। प्रशासनिक टीम को जान बचाकर मौके से निकलना पड़ा।

एक सप्ताह पहले दिया गया था नोटिस

जानकारी के मुताबिक, जिला प्रशासन और साहेबगंज नगर परिषद की ओर से इलाके में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा था। इसके लिए दुकानदारों को एक सप्ताह पहले ही नोटिस जारी कर सड़क और सार्वजनिक स्थानों से अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था।

प्रशासन की कार्रवाई को देखते हुए कई दुकानदारों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया था, जबकि कुछ लोगों ने निर्देशों का पालन नहीं किया। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने नवल किशोर चौक से अभियान शुरू किया। टीम ने ब्रजनंदन चौक, बस स्टैंड, गांधी चौक, गोला रोड, अस्पताल रोड, ब्लॉक गेट, केशव चौक और इंद्रदेव चौक तक सड़क किनारे और नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया।

केशव चौक पहुंचते ही शुरू हुआ पथराव

अतिक्रमण हटाने के दौरान जैसे ही टीम केशव चौक पहुंची, विपणन केंद्र की छत से अचानक ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पथराव में जेसीबी का शीशा और हेडलाइट टूट गई, जबकि वहां से गुजर रहे करीब छह लोग घायल हो गए।

स्थिति बिगड़ते देख प्रशासनिक टीम के सदस्यों ने किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज भी हमले की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, FIR के लिए आवेदन

घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखते ही पथराव करने वाले लोग वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान उपद्रवियों ने प्रशासनिक टीम पर हमला किया, जिससे जेसीबी को नुकसान पहुंचा है। पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में साहेबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Exit mobile version