Site icon AB News24.in

Bihar Boat Accident: बिहार के वैशाली में बड़ा नाव हादसा… 13 लोगों की मौत

बिहार, 14 अक्टूबर। Bihar Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। रामपुर श्यामचंद पंचायत के पास हुई इस घटना में 13 लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों में अधिकतर बच्चे बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया।

श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे थे लोग

जानकारी के मुताबिक, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए लोग छोटी नाव से नदी के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में नाव पलट गई। नाव में सवार लोगों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कई लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए राघोपुर फतेहपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

मृतकों के परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री कार्यालय ने वैशाली में नाव पलटने की घटना पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री की ओर से घोषित सहायता के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

Exit mobile version