बीजापुर, 06 नवम्बर। Bijapur: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पैंगोलिन के 9.260 किलोग्राम शल्क और तेंदुए की एक खाल बरामद की है। इस मामले में कुल 6 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। वन विभाग ने सभी के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो अलग-अलग जगहों पर वन विभाग की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की पहली कार्रवाई गंगालूर तहसील के ग्राम रेड्डी में हुई। यहां टीम ने 9.260 किलोग्राम पैंगोलिन के शल्क बरामद किए। इस मामले में तस्करी के आरोप में 4 लोगों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर टीम ने दूसरी कार्रवाई बासागुड़ा क्षेत्र के ग्राम मल्लेपल्ली में की। यहां से तेंदुए की एक खाल बरामद की गई और 2 अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
गौरतलब है कि पैंगोलिन और तेंदुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में शामिल संरक्षित वन्यजीव हैं। इनका शिकार करना, इनके अंगों को रखना या इनका अवैध कारोबार करना कानूनन अपराध है।
वन विभाग ने सभी 6 आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे जांच की जा रही है। साथ ही इस तस्करी के पीछे जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

